“TET अनिवार्यता से छूट के लिए सरकार करे पहल”…टेट प्रभावित शिक्षक संघ से सांसद – विधायक को सौंपा ज्ञापन

TET प्रभावित शिक्षक संघ, दुमका के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को काठीकुंड स्थित सांसद आवास पर दुमका लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री नलिन सोरेन एवं शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आलोक कुमार सोरेन से मुलाकात कर पूर्व नियुक्त शिक्षकों की TET अनिवार्यता से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने मांग पत्र में कहा कि RTE Act, 2009 लागू होने से पूर्व तत्कालीन सेवा नियमावली एवं निर्धारित अहर्ताओं के आधार पर नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से वैधानिक छूट प्रदान कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल की जाए। शिक्षकों ने कहा कि पूर्व नियुक्त शिक्षक लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए उनकी नियुक्ति की परिस्थितियों एवं दीर्घकालीन सेवा अनुभव को ध्यान में रखते हुए उचित नीतिगत समाधान किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से इस विषय को संसद में उठाने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के समक्ष आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। सांसद श्री नलिन सोरेन ने आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को संसद में अवश्य उठाएंगे और शिक्षकों के हित में जो भी संभव होगा, उसके लिए प्रयास करेंगे।
वहीं विधायक श्री आलोक कुमार सोरेन ने कहा कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से वार्ता करेंगे तथा उचित निर्णय के लिए पहल करेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने संबंधित राज्य स्तरीय पदाधिकारियों से बातचीत कर दुर्गापूजा से पूर्व वेतन भुगतान कराने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
शिक्षक संघ ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक आश्वासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े इस विषय के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यम से प्रयास जारी रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में TET प्रभावित शिक्षक संघ, दुमका के विभिन्न प्रखंडों के शिक्षक एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।












