Jharkhand Cabinet Decisions: कर्मचारियों का DA 3% बढ़ा, 41 छुट्टियों को मंजूरी
झारखंड कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों का डीए 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया। 1 जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ। एनएचएम विस्तार, सड़क निर्माण और अन्य बड़े फैसले जानें।

झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: कर्मचारियों का डीए 3% बढ़ा, 41 सार्वजनिक छुट्टियों को मंजूरी; सड़क और कॉलेज निर्माण पर भी करोड़ों स्वीकृत।1 जुलाई 2026 से मिलेगा बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ, पेंशनभोगियों को भी राहत; एनएचएम का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ा, विश्रामपुर में 37.36 करोड़ से बनेगा डिग्री कॉलेज
रांची. झारखंड मंत्रिपरिषद की बुधवार को हुई बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गयी. इसके साथ ही कर्मचारियों का डीए 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जायेगा. बढ़ी हुई दर का लाभ एक जुलाई 2026 से मिलेगा. छठे और पांचवें वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की गयी है. पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को भी बढ़ी हुई दर से महंगाई राहत का लाभ मिलेगा. बैठक में वर्ष 2027 के लिए 41 सार्वजनिक छुट्टियों को भी मंजूरी दी गयी. इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा इंट्री ऑपरेटर के नये पदों पर नियुक्ति नहीं करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) का कार्यकाल बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये.
कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा इंट्री ऑपरेटर के नये पदों पर नियुक्ति नहीं
कैबिनेट ने सचिवालय और इससे संबद्ध कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटर एवं डाटा इंट्री ऑपरेटर के नये पदों पर नियुक्ति नहीं करने का निर्णय लिया है. कैबिनेट विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल के अनुसार, हाल में नियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों और कनीय लिपिकों को कंप्यूटर का ज्ञान है. इसलिए कंप्यूटर से संबंधित काम इन्हीं कर्मचारियों से लिया जायेगा. जिन कर्मचारियों को कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान नहीं है, उनके लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी.
एनएचएम का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की स्वीकृति दी गयी है. इससे मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन जारी रह सकेगा. वहीं, ई-कोर्ट परियोजना के तहत झारखंड हाइकोर्ट सहित राज्य के सभी व्यवहार न्यायालयों में संविदा पर कार्यरत सिस्टम असिस्टेंट, सिस्टम ऑफिसर और सीनियर प्रोग्रामर के मानदेय में वृद्धि को मंजूरी दी गयी है.
विश्रामपुर में 37.36 करोड़ से बनेगा डिग्री कॉलेज
कैबिनेट ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के तहत विश्रामपुर में नये डिग्री महाविद्यालय के निर्माण और स्थापना के लिए 37 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति दी है. झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के नवनिर्मित विश्वविद्यालय के कुलपति के वेतन निर्धारण को भी औपचारिक मंजूरी दी गयी.
वित्तीय वर्ष 2027-28 के प्री-बजट कार्यशाला को पेशेवर और वैज्ञानिक स्वरूप देने के लिए संत जेवियर कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. हरिश्वर दयाल की टीम को नॉलेज पार्टनर बनाने की स्वीकृति दी गयी है.
चार जिलों की सड़कों के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक मंजूर
कैबिनेट ने विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण की योजनाओं को मंजूरी दी है. इसके तहत पाकुड़ जिले में 8.3 किलोमीटर लंबी बहिरग्राम-शंकरघाट सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 44 करोड़ 52 लाख रुपये स्वीकृत किये गये हैं. सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ में 16.7 किलोमीटर लंबे पथ के पुनर्निर्माण के लिए 48.78 करोड़ रुपये मंजूर किये गये हैं.
जामताड़ा में 7.17 किलोमीटर लंबे बाइपास पथ के निर्माण के लिए 85 करोड़ 73 लाख रुपये और रांची जिले में मुड़मा चौक-बासकी पथ के 9.75 किलोमीटर हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 28 करोड़ 77 लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी है.
वियर योजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 82 करोड़ रुपये
उसरी वियर योजना के जीर्णोद्धार के लिए 30 करोड़ 20 लाख रुपये और कोकारो वियर परियोजना के पुनरुद्धार एवं मजबूतीकरण के लिए 51 करोड़ 96 लाख रुपये मंजूर किये गये हैं. बांध सुरक्षा अधिनियम के तहत स्वतंत्र पैनल के गठन से संबंधित संकल्प में संशोधन को भी मंजूरी दी गयी.
राज्य में वज्रपात से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए आकस्मिकता निधि से 10 करोड़ रुपये देने की स्वीकृति दी गयी है. वहीं, मिशन वात्सल्य के तहत साहिबगंज में बच्चों के कल्याण और संरक्षण के लिए प्रेक्षण गृह के निर्माण पर 9 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे.
सेवा नियमितीकरण और अनुकंपा नियुक्ति को मंजूरी
कैबिनेट ने महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सेवानिवृत्त चालक सोचिल राम की पूर्व सेवा को विनियमित करने की स्वीकृति दी है. वाणिज्य कर विभाग के नरेश राम की सेवा नियमित की गयी है. इसी विभाग के दिवंगत कर्मियों विनय कुमार, नरसिंह प्रसाद और अवधेश सिंह की सेवा संपुष्ट करने की मंजूरी दी गयी. दिवंगत भोला नाथ के आश्रित पुत्र चंदन कुमार को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की स्वीकृति भी प्रदान की गयी.
इसके अलावा प्रोबेशन पदाधिकारियों की सेवा संपुष्टि से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी. पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख मुरारी भगत को उनके हिस्से के देय लाभ देने की स्वीकृति दी गयी.
न्यायिक सेवा नियमावली और अन्य फैसले
राज्य में न्याय व्यवस्था को आधुनिक और समय के अनुरूप बनाने के लिए झारखंड न्यायिक सेवा संशोधित नियमावली 2026 के गठन को मंजूरी दी गयी है. झारखंड अवर मत्स्य सेवा नियमावली 2026 को भी औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गयी. वर्ष 2024 में समाप्त अवधि की सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर रखने की मंजूरी दी गयी.
इसके अलावा सिकनी कोयला खनन पट्टा के लिए संशोधित खनन योजना तैयार करने के वास्ते सीएमडीआइ से सेवा लेने, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के गठन से संबंधित संकल्प में संशोधन और अन्य प्रशासनिक प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गयी.












