झारखंड: “इनको तो JPSC का Full Form भी याद नहीं होगा” जेपीएसपी पर सदन में नोंकझोंक, सीपी सिंह के कटाक्ष पर बोले इरफान, “आप बड़े जानकार…”
Jharkhand: "He won't even remember the full form of JPSC." There was a heated argument in the House over JPSC. Irfan responded to CP Singh's sarcasm, "You are very knowledgeable..."

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति का मुद्दा उठा। विधायक सीपी सिंह ने रिक्त पदों और नियुक्ति में देरी पर सवाल उठाए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भर्ती के लिए JPSC को अधियाचना भेज दी गयी है। जिस पर कटाक्ष करते हुए सीपी सिंह ने JPSC का फुल फार्म पूछ लिया।
रांची/20.2.26। विधानसभा के बजट सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक अहम मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से उठा। JPSC में आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति और रिक्त पदों को लेकर हुई चर्चा के दौरान सदन का माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया। इस विषय पर वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
सदन में भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राज्य की आयुष स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड के आयुष चिकित्सालयों में कुल 670 स्वीकृत पद हैं, लेकिन इसके मुकाबले केवल 48 आयुष चिकित्सक ही कार्यरत हैं। विधायक सिपी सिंह ने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए सरकार से सवाल किया कि आखिर रिक्त पदों पर नियुक्ति कब तक की जाएगी।
सीपी सिंह ने आयुष निदेशालय के गठन से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया और कहा कि इस दिशा में ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने तर्क दिया कि आयुष चिकित्सा प्रणाली ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, लेकिन चिकित्सकों की भारी कमी के कारण इसका पूरा लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा।
सीपी सिंह ने नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC ) को अधियाचना भेजी गई थी। करीब चार वर्ष बीत जाने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में टिप्पणी करते हुए कहा कि मंत्री को शायद JPSC का फुल फॉर्म भी याद नहीं होगा।
विधायक के इस बयान पर सदन में हल्की हलचल देखी गई। जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित आयोग को अधियाचना भेजी जा चुकी है। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि विधायक काफी जानकार हैं और उन्हें JPSC की प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी है।
मंत्री ने आगे जानकारी दी कि सात मार्च तक बहाली से संबंधित विज्ञापन JPSC द्वारा जारी कर दिया जाएगा और जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और आयुष चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस का माहौल बना रहा। हालांकि, बाद में कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे सदन में हमेशा संवेदनशील रहते हैं और इस तरह की बहसें प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।








