Jharkhand Crime: जमीन के लिए मां-बेटी की हत्या, गुफा में डीजल डालकर जलाए शव, बेटे समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा। बेटा ऐसा जल्लाद बना कि ना मां की ममता का ख्याल आया और ना ही बहन के प्यार की परवाह की। मां-बेटी की हत्या मामले में पुलिस ने बेटे सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की है, जहां से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरला गांव में जमीन विवाद को लेकर मां-बेटी की हत्या कर उनके शव को जलाकर गुफा में दफना दिया गया।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की साजिश मृतका के बेटे ने ही रची थी।मामला टोला-टोपासाई निवासी 68 वर्षीय कुनी कुई और उनकी 27 वर्षीय बेटी गामसी बिरुवा उर्फ नामसी की हत्या से जुड़ा है। 27 अक्टूबर को दोनों के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में जमीन विवाद के चलते दोनों की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।
गुफा में डीजल डालकर जलाए शव, फिर कर दिया दफन
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक मां-बेटी की हत्या की और शवों को तोरलो जंगल स्थित दायबुरु पहाड़ की गुफा में ले गए। वहां शवों पर डीजल छिड़ककर उन्हें जला दिया गया और बाद में अवशेषों को दफना दिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने जांच और छापेमारी के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बेटे को ही बताया गया मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस के मुताबिक, मृतका का बेटा त्रिभुवन बिरुवा इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है। बताया गया कि वह अपनी मां और बहन को घर से भगाना चाहता था। इसी विवाद के चलते यदुनाथ बिरुवा से बातचीत और विवाद के बाद 13 अक्टूबर की शाम दोनों की हत्या करवा दी गई।पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सात आरोपी गिरफ्तार, गुफा से जले हुए अवशेष बरामद
पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. यदुनाथ बिरुवा उर्फ यादु
2. लादुरा बिरुवा
3. राजा राम बिरुवा
4. चेदरे बिरुवा उर्फ चन्द्र
5. माहती बिरुवा
6. दुई कोडाकेल उर्फ लखन
7. त्रिभुवन बिरुवा
अंचलाधिकारी और रांची से पहुंची एफएसएल टीम की मौजूदगी में गुफा की जांच की गई। इस दौरान वहां से मां-बेटी के जले हुए अवशेष और हड्डियां बरामद की गईं।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में मंझारी थाना कांड संख्या 50/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 238(b) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जमीन विवाद में मां-बेटी की हत्या और साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।











