मनीष कश्यप ने शेयर की अपनी ‘हमसफर’ की तस्वीर, अनुष्का शर्मा के साथ रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज, जानिए कौन हैं होने वाली दुल्हनिया

पटना: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनीष कश्यप एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ अपनी तस्वीर साझा की है, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। तस्वीर में उनके साथ नजर आ रही युवती का नाम अनुष्का शर्मा बताया जा रहा है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या मनीष कश्यप जल्द ही शादी करने वाले हैं?
रोमांटिक कैप्शन के साथ शेयर की तस्वीर
मनीष कश्यप के साथ अनुष्का शर्मा ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है। इस पोस्ट को मनीष कश्यप के अकाउंट के साथ कोलैबरेट किया गया है। तस्वीर में दोनों ब्लैक शर्ट और ब्लू जींस में नजर आ रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ लिखा गया कैप्शन भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। कैप्शन में लिखा है, “अब हर सफर तुम्हारे साथ। ख्वाबों में देखा था जिस खूबसूरत एहसास को, आज उसी हमसफर के साथ एक नई कहानी दुनिया के सामने है।”
इस रोमांटिक अंदाज में किए गए पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मनीष कश्यप और अनुष्का की ओर से अभी तक शादी की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘राइज एंड फॉल’ शो में मनीष ने किया था खास शख्स का जिक्र
गौरतलब है कि मनीष कश्यप कुछ समय पहले रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में नजर आए थे। इस शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कुछ बातें साझा की थीं। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी जिंदगी में कोई खास व्यक्ति है और शो से बाहर आने के बाद वह शादी कर सकते हैं।
हालांकि, उस समय मनीष ने उस खास शख्स का नाम सार्वजनिक नहीं किया था। अब अनुष्का शर्मा के साथ उनकी तस्वीर सामने आने के बाद फैंस इस पोस्ट को उनके पुराने बयान से जोड़कर देख रहे हैं।

कौन हैं अनुष्का शर्मा?
मनीष कश्यप के साथ तस्वीर सामने आने के बाद अनुष्का शर्मा भी चर्चा का विषय बन गई हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अनुष्का शर्मा को अनुष्का कुमारी के नाम से भी जाना जाता है। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर क्षेत्र की रहने वाली बताई जाती हैं।
अनुष्का ने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। इसके अलावा उनका छात्र राजनीति से भी जुड़ाव रहा है। बताया जाता है कि वह पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ (PUSU) के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही बधाइयां
मनीष कश्यप और अनुष्का की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग दोनों को नई शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं, तो कुछ उनकी शादी की तारीख जानने को उत्सुक हैं।
फिलहाल, दोनों की ओर से शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मनीष कश्यप अपनी निजी जिंदगी को लेकर कब कोई औपचारिक जानकारी साझा करते हैं।












