Diwali 2026: दिवाली पर पटाखे जलाने से पहले पढ़ लें एडवाइजरी, आंखों में चिंगारी जाने पर बिल्कुल न करें ये गलती; जानें क्या करें और क्या नहीं
दिवाली 2026 पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी। आंखों में चिंगारी जाने या शरीर जलने पर क्या करें और क्या नहीं, जानें जरूरी सुरक्षा निर्देश और फर्स्ट एड।

Health News। दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन पटाखों का इस्तेमाल कई बार गंभीर हादसों की वजह बन जाता है। हर साल दिवाली के दौरान पटाखों की चिंगारी से आंखों में चोट, शरीर के अंगों के झुलसने और आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे हादसों को रोकने और बर्न इंजरी से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
विशेष रूप से आंखों में पटाखों की चिंगारी या कोई कण जाने की स्थिति में लोगों को आंखें मलने, दबाने या खुद से कण निकालने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी गई है। वहीं, जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से पर तेल, घी, मक्खन या बर्फ लगाने से भी बचने को कहा गया है। ऐसे में दिवाली पर पटाखे जलाने से पहले जरूरी सुरक्षा निर्देश जानना बेहद जरूरी है।
पटाखों की चिंगारी से आंखों में चोट लगे तो क्या करें?
दिवाली के दौरान पटाखों से निकलने वाली चिंगारी आंखों के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है। आंखों में जलन, चोट या किसी तरह का कण जाने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
o आंखों को बिल्कुल न मलें और न ही दबाएं।
o आंख में फंसे पटाखे के कण को खुद निकालने की कोशिश न करें।
o आंख पर कोई कपड़ा बांधने या मलहम लगाने से बचें।
o आंख को बिना दबाव दिए सुरक्षित रखें और तुरंत नेत्र चिकित्सक के पास जाएं।
o यदि किसी केमिकल के संपर्क में आने से आंख प्रभावित हुई है, तो तुरंत साफ बहते पानी से आंख धोएं और चिकित्सकीय सहायता लें।
आंख में चोट लगने पर घरेलू उपचार करने के बजाय जल्द से जल्द विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।
जख्म पर न बांधें कपड़ा, न लगाएं कोई मलहम
पटाखे से शरीर का कोई हिस्सा झुलसने पर कई लोग तुरंत जख्म पर कपड़ा बांध देते हैं या तेल, घी और मलहम लगा देते हैं। ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है।जले हुए हिस्से को सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे लगभग 20 मिनट तक रखें।
इसके बाद प्रभावित जगह को साफ, ढीली और न चिपकने वाली ड्रेसिंग से सुरक्षित करें। यदि कपड़ा जख्म में चिपक गया है, तो उसे खींचकर निकालने की कोशिश न करें।चेहरे, आंखों, छाती या शरीर के बड़े हिस्से में जलन होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें।
दिवाली पर पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की है। पटाखे जलाते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
o केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें। इनके लिए NEERI प्रमाणन की जांच करें।
o चाइनीज और अवैध पटाखों से दूर रहें।
o बच्चों को हमेशा वयस्कों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें।
o पटाखे जलाते समय सूती कपड़े पहनें। सिंथेटिक और जल्दी आग पकड़ने वाले कपड़ों से बचें।
o भीड़भाड़ वाले स्थानों और बंद कमरों में पटाखे न जलाएं।
o पेड़ों, बिजली के तारों और वाहनों के आसपास पटाखे न जलाएं।
o पार्किंग, गैरेज और सड़क किनारे पटाखे जलाने से बचें।
o पटाखे जलाने के लिए सुरक्षित दूरी बनाए रखें और पानी की बाल्टी पास रखें।
पटाखों से जलने पर क्या करें? जानें जरूरी फर्स्ट एड
अगर पटाखे जलाते समय किसी व्यक्ति का हाथ, पैर या शरीर का कोई हिस्सा झुलस जाए, तो तुरंत प्राथमिक उपचार देना चाहिए।
1. ठंडे पानी का इस्तेमाल करें: जले हुए हिस्से को लगभग 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी से ठंडा करें।
2. चिपके कपड़े न हटाएं: अगर कपड़ा जले हुए हिस्से से चिपक गया है, तो उसे जबरदस्ती न निकालें।
3. साफ ड्रेसिंग करें: जले हुए हिस्से को साफ और न चिपकने वाली ड्रेसिंग से ढकें।
4. तत्काल अस्पताल पहुंचें: चेहरे, छाती, हाथों, जोड़ों या बड़े हिस्से में जलन होने पर चिकित्सकीय सहायता लें।
5. आग लगने पर सावधानी: कपड़ों में आग लगने पर व्यक्ति को दौड़ने न दें। उसे जमीन पर लेटाकर रुकने, जमीन पर लुढ़कने और आग बुझाने में मदद करें। जरूरत पड़ने पर कंबल का इस्तेमाल करें।
पटाखों से जलने पर क्या नहीं करना चाहिए?
दिवाली पर हादसे के दौरान घबराहट में कुछ गलतियां स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं। इसलिए इन बातों का विशेष ध्यान रखें।
o जले हुए हिस्से पर तेल, घी, मक्खन या टूथपेस्ट न लगाएं।
o जख्म पर सीधे बर्फ न लगाएं।
o जले हुए हिस्से पर तेज दबाव से पानी न डालें।
o त्वचा से चिपके हुए कपड़े को जबरदस्ती न खींचें।
o फफोले को फोड़ने की कोशिश न करें।
o आंख में फंसे कण को खुद निकालने का प्रयास न करें।
o आग लगने पर व्यक्ति को भागने न दें।
माचिस और लाइटर के इस्तेमाल से भी बचें
पटाखे जलाने के लिए माचिस और लाइटर का इस्तेमाल भी सावधानी के साथ करना चाहिए। खुली लौ से आग फैलने का खतरा रहता है। पटाखे जलाने के लिए सुरक्षित उपकरण और निर्धारित दूरी का ध्यान रखें।इसी तरह रॉकेट जैसे हवाई पटाखे बिजली के तारों, पेड़ों या अन्य ऊपरी बाधाओं के आसपास बिल्कुल न जलाएं।
सुरक्षित दिवाली मनाएं, खुशियों के साथ बरतें सावधानी
दीपावली खुशियों का त्योहार है। थोड़ी सी लापरवाही आपकी और आपके परिवार की खुशियों को हादसे में बदल सकती है। इसलिए पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, बच्चों पर विशेष नजर रखें और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घरेलू नुस्खों के बजाय सही प्राथमिक उपचार और समय पर चिकित्सकीय सहायता लें।












