झारखंड: सहियाओं व स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सरकार ने दी गुड न्यूज, मानदेय भुगतान के लिए 108 करोड़ रुपये जारी, अब समय पर मिलेगा पैसा…
Jharkhand: The government has given good news to ASHAs and health workers, releasing Rs 108 crore for the payment of honorarium, and they will now receive the money on time.

झारखंड NHM के तहत कार्यरत 43 हजार सहियाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। अब इन स्वास्थ्यकर्मियों को मानदेय में किसी तरह की दिक्कत नहीं आयेगी। मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए सरकार ने 108 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत कर जारी की गई है। इससे सहियाओं, सहिया साथियों और प्रशिक्षक दलों को नियमित रूप से मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
________________________________________
रांची/12.5.26। झारखंड NHM के तहत 43 हजार सहियाओं के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए सहियाओं और स्वास्थ्य मिशन से जुड़े अन्य कर्मियों के मानदेय भुगतान का रास्ता साफ कर दिया है। राज्य सरकार ने इस मद में 108 करोड़ 34 लाख 65 हजार रुपये की स्वीकृति देते हुए राशि जारी कर दी है। इस फैसले से लंबे समय से नियमित भुगतान की उम्मीद लगाए बैठी सहियाओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी इस राशि से सहिया, सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक दल और राज्य प्रशिक्षक दल को प्रतिमाह पारिश्रमिक का भुगतान किया जाएगा। विभाग का कहना है कि राशि जारी होने से अब भुगतान प्रक्रिया नियमित और व्यवस्थित रूप से संचालित की जा सकेगी।
आपको बता दें कि राज्य सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत केंद्र से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त भी आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराती है। सरकार द्वारा झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी योजना के तहत अतिरिक्त भुगतान किया जाता है, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों को बेहतर प्रोत्साहन मिल सके।
मौजूदा वक्त में सहियाओं को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान से प्रतिमाह 2 हजार रुपये पारिश्रमिक मिलता है। इसके अलावा राज्य सरकार अपनी ओर से अतिरिक्त 2 हजार रुपये का भुगतान करती है। यानी सहियाओं को कुल 4 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता उपलब्ध होती है।
वहीं, इसी प्रकार सहिया साथियों के लिए प्रतिदिन 375 रुपये की दर निर्धारित की गई है, जिसकी गणना माह में 24 कार्य दिवसों के आधार पर की जाती है। इसमें भी राज्य सरकार 50 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त राशि वहन करती है।
वहीं प्रखंड प्रशिक्षक दल और राज्य प्रशिक्षक दल के लिए क्रमशः 650 रुपये और 850 रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक तय किया गया है। इन दोनों श्रेणियों में भी राज्य सरकार अतिरिक्त सहायता राशि देती है। प्रखंड प्रशिक्षक दल को 80 रुपये और राज्य प्रशिक्षक दल को 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त भुगतान किया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में सहियाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण जागरूकता, प्रसव पूर्व जांच, परिवार नियोजन और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में सहियाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं।इसके अलावा सहियाओं को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लाभुकों की संख्या के आधार पर भी प्रोत्साहन राशि दी जाती है।







