झारखंड में नौकरियां ही नौकरियां: 1042 शिक्षकों को मुख्यमंत्री देंगे ज्वाइनिंग लेटर, 29 जून को भव्य नियुक्ति पत्र समारोह, जानिये कहां कितने नियुक्त होंगे शिक्षक
Job Bonanza in Jharkhand: Chief Minister to hand over joining letters to 1,042 teachers; grand appointment ceremony on June 29—find out the recruitment breakdown.

रांची। झारखंड में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस पहल को राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खेलगांव में होगा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह
शिक्षक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम 29 जून को दोपहर 1 बजे रांची के खेलगांव परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है और सभी जिलों की जिला स्थापना समितियों द्वारा भेजी गई अनुशंसाएं प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को प्राप्त हो चुकी हैं।
कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में होगी नियुक्ति
नियुक्ति प्रक्रिया के इस चरण में कुल 1,042 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जा रही है। इनमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए 274 सहायक आचार्य और कक्षा 6 से 8 तक के लिए 768 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इन नियुक्तियों से लंबे समय से रिक्त पड़े शिक्षकों के पद भरने में मदद मिलेगी और सरकारी विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सामाजिक विज्ञान विषय में सबसे ज्यादा नियुक्तियां
कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में विषयवार नियुक्तियां भी तय की गई हैं। भाषा विषय के लिए 150, गणित एवं विज्ञान के लिए 231 और सामाजिक विज्ञान के लिए सर्वाधिक 387 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
पलामू में सबसे अधिक, रामगढ़ में सबसे कम नियुक्तियां
जिलावार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति पलामू जिले में होगी। इसके अलावा गिरिडीह में 92, कोडरमा में 81, साहिबगंज में 63, पश्चिमी सिंहभूम में 61, देवघर में 59, दुमका में 54, गोड्डा में 53 और पाकुड़ में 51 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।वहीं सबसे कम चार नियुक्तियां रामगढ़ जिले में होंगी। रांची में 36, खूंटी में 12, लोहरदगा में 11, गुमला में 27, सिमडेगा में 21, लातेहार में 41, गढ़वा में 34, पूर्वी सिंहभूम में 39, सरायकेला-खरसावां में 34, हजारीबाग में 15, धनबाद में 42, बोकारो में 24 और जामताड़ा में 39 शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी।
26 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में लगभग 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी। चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया जारी है। अब तक करीब 12,500 शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है। 29 जून को 1,042 और शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी।सरकार का कहना है कि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। शिक्षा विभाग का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को समाप्त कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।









