झारखंड में 7,304 शिक्षकों की होगी बंपर बहाली, JSSC को भेजी गई अधियाचना, जानिए कब से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
Massive recruitment drive for 7,304 teachers in Jharkhand; requisition sent to JSSC—find out when the process begins.

रांची: राज्य में सरकारी शिक्षकों की कमी जल्द दूर होने वाली है। लंबे समय से सरकारी शिक्षक का सपना देख रहे युवाओं के लिए ये बड़ी खुशखबरी है। इस दिशा में सरकार ने JSSC को अधियाचना भेजी है।उम्मीद है आयोग जल्द इसपर कार्रवाई शुरू करेगा।
झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को कुल 7,304 सहायक आचार्यों (पारा श्रेणी) की सीधी एवं बैकलॉग नियुक्ति के लिए अधियाचना भेज दी है। सरकार के संयुक्त सचिव अमर कुमार द्वारा 7 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, यह नियुक्तियां स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (प्राथमिक शिक्षा निदेशालय) के अंतर्गत की जाएंगी।
पदों का विवरण
सहायक आचार्य (इंटर प्रशिक्षित) – सीधी नियुक्ति: 1,909 पद
सहायक आचार्य (इंटर प्रशिक्षित) – बैकलॉग नियुक्ति: 847 पद
सहायक आचार्य (स्नातक प्रशिक्षित) – सीधी नियुक्ति: 4,197 पद
सहायक आचार्य (स्नातक प्रशिक्षित) – बैकलॉग नियुक्ति: 351 पद
कुल पद: 7,304
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए रोस्टर और नियमावली की प्रतियां भी आयोग को भेजी गई हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति प्रक्रिया SLP (C) No.-4881/2023, सुनील कुमार यादव एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य मामले के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

राज्य सरकार के इस फैसले से लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है। अब उम्मीदवारों की नजर JSSC की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक अधिसूचना और आवेदन प्रक्रिया पर टिकी हुई है।








