Jharkhand News: गैस गोदाम में सेंध लगाने वाला अंतरजिला गिरोह गिरफ्तार, 64 LPG सिलेंडर बरामद
झारखंड के सरायकेला-खरसावां में गैस गोदाम से LPG सिलेंडर चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। अंतरजिला गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, 64 गैस सिलेंडर, पिकअप और बाइक बरामद।

सरायकेला-खरसावां। देश में गैस सिलेंडर की किल्लत क्या हुई, गैस चोरों की तो मानों लॉटरी लग गयी। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में रसोई गैस सिलेंडर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तिरुलडीह थाना क्षेत्र में गैस गोदाम से सिलेंडर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी के 64 एलपीजी गैस सिलेंडर, घटना में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
27 जुलाई को हुई थी गैस गोदाम में चोरी
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 27 जुलाई 2026 को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा स्थित एक ग्रामीण गैस वितरक के गोदाम से 56 एलपीजी सिलेंडर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सद्दाम आलम उर्फ बटर, बाबू गोराई और मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने गैस सिलेंडर चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो (टैंक रोड) इलाके में छापेमारी कर चोरी के गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?
पुलिस की कार्रवाई में निम्न सामान बरामद किए गए—
• 64 एलपीजी गैस सिलेंडर
• एक सफेद पिकअप वाहन (JH05DDW-4807)
• एक मोटरसाइकिल (JH05BN-7028)
• एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन
• एक कीपैड मोबाइल फोन
आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं और चोरी के सिलेंडर किन-किन जगहों पर खपाए जाते थे।इस कार्रवाई में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, पुअनि कार्तिकेय सिंह, सअनि हरदेव पासवान, सअनि बिरोलाल मुर्मू सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।









