स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी का बड़ा निर्देश : सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि, NHM कर्मियों को EPF और डॉक्टरों की भर्ती का दिया आदेश
झारखंड स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, सहिया भुगतान से डॉक्टर भर्ती तक मंत्री के अहम निर्देश

रांची, 26 सितंबर 2026। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को NHM, नामकुम में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उच्चस्तरीय विभागीय समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति, कर्मियों के भुगतान और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहियाओं को प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सहियाओं को जल्द से जल्द टैब उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं और रिपोर्टिंग से जुड़े कार्यों को डिजिटल तरीके से बेहतर बनाया जा सके।

संविदाकर्मियों के मानदेय में देरी दूर करने का निर्देश
मंत्री ने संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, NHM कर्मियों को EPF का लाभ जल्द उपलब्ध कराने को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
मलेरिया मरीजों को मिलेगी मच्छरदानी
बैठक में मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने निर्देश दिया कि मलेरिया मरीजों को मच्छरदानी उपलब्ध कराई जाए, ताकि संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ बीमारी के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।
डॉक्टरों के खाली पद जल्द भरने पर जोर
स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए रिक्त पदों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन के बिना स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करना मुश्किल है।

कम खर्च वाले कार्यक्रमों की होगी विशेष मॉनिटरिंग
समीक्षा बैठक में कम वित्तीय व्यय वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों को ऐसे कार्यक्रमों की विशेष मॉनिटरिंग करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग हो।
मंत्री ने क्षेत्रीय स्तर से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक सुधार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।












