शर्मनाक: रांची स्कूल में बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौनाचार, पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में…

Ranchi: जिला के पिठोरिया थाना क्षेत्र के चंदवे स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र के साथ गंभीर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. ये आरोप उसी स्कूल के नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र पर लगा है.
इस घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया है. मामले में स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है. आरोप ये है कि प्रबंधन को घटना की जानकारी मिलने के बावजूद पीड़ित के परिजनों और पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित और आरोपी दोनों स्कूल परिसर में स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं. आरोप है कि सीनियर छात्र ने पांचवीं कक्षा के छात्र को डरा-धमकाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. इस घटना के बाद बच्चा काफी भयभीत हो गया था.
रोते हुए बच्चे ने परिजनों को बताई पूरी बात
पीड़ित बच्चे ने अगले दिन 22 सितंबर को हुआ. पीड़ित छात्र ने हिम्मत जुटाकर फोन के जरिए अपने परिजनों से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी. परिजनों के अनुसार, फोन पर बात करते समय बच्चा काफी डरा हुआ और रो रहा था. इसके बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से शिकायत की. पीड़ित के पिता जमशेदपुर के रहने वाले हैं. उनके आवेदन के आधार पर पिठोरिया थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 6/21 के तहत कांड संख्या 98/26 दर्ज किया है.
स्कूल प्रबंधन पर भी FIR
मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि घटना हॉस्टल परिसर में होने के बावजूद प्रबंधन की ओर से पीड़ित छात्र के अभिभावकों को तत्काल सूचना नहीं दी गई. पुलिस को भी घटना की जानकारी नहीं देने की बात सामने आई है. इसी आधार पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर कुमार पांडेय ने बताया की छात्र के द्वारा मामले की जानकारी परिजनों को दी गई. जिसके बाद मामले में एफआईआर हुआ और आरोपी को निरुद्ध करते हुए बाल सुधार गृह भेजा गया है. वहीं, मामले की जानकारी समय पर पुलिस को नहीं देने और तथ्य छिपाने के आरोप में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच में सामने आया कि स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी थी. इसके बावजूद इसकी सूचना संबंधित थाना और पुलिस को समय पर नहीं दी गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की और तथ्य छिपाने तथा पुलिस को सूचना नहीं देने के मामले में कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब किसी स्कूल या शिक्षण संस्थान में यौन अपराध से जुड़ी घटना की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना और पुलिस को देना आवश्यक है।












