झारखंड-थाना प्रभारी की छुट्टी : Viral Audio पर गिर गयी महिला थाना प्रभारी पर गाज, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था ऑडियो, पुलिस लाइन अटैच
Jharkhand—Station In-charge Suspended: Female Officer Faces Repercussions Over Viral Audio; Clip Circulating on Social Media, Officer Attached to Police Lines.

चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का एक ऑडियो वायरल होने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। ऑडियो में एक युवक से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बातचीत करने का आरोप है।
________________________________________
बोकारो। चास थाना क्षेत्र में एक वायरल ऑडियो के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर पुलिस केंद्र में पदस्थ कर दिया गया है।सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें थाना प्रभारी सुषमा कुमारी एक युवक से फोन पर बातचीत करती हुई सुनाई दे रही हैं।
इस ऑडियो में उन पर आरोप है कि उन्होंने युवक के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसे धमकाने का प्रयास किया।बताया जा रहा है कि इस घटना की शुरुआत तब हुई जब पहले एक महिला पुलिसकर्मी ने युवक को फोन किया। इसके बाद युवक की बात थाना प्रभारी सुषमा कुमारी से कराई गई।
बातचीत के दौरान युवक ने बताया कि वह अपनी दादी के साथ डॉक्टर के पास मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद थाना प्रभारी ने उसे 15 मिनट के भीतर थाने पहुंचने का निर्देश दिया।आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने युवक के साथ गाली-गलौज की और समय पर थाने नहीं पहुंचने की स्थिति में उसे जबरन उठवाने की बात भी कही।
BJP ने सोशल मीडिया पर जारी किया था ये ऑडियो
इस कथित व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली और मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा।मामले के संज्ञान में आते ही जिले के पुलिस अधीक्षक Harvinder Singh ने तत्काल एक्शन लिया। उन्होंने बिना देर किए थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का ट्रांसफर कर दिया और उन्हें अगले आदेश तक पुलिस केंद्र, बोकारो में अटैच कर दिया गया है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने और जनता के साथ व्यवहार में सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ संयमित और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के विश्वास के भी जिम्मेदार होते हैं।









