close
LIVE UPDATE

JTET का आवेदन शुरू : पारा शिक्षकों को मिलेगा झारखंड टेट में छूट, नई नियमावली के तहत फिर से भरना होगा फॉर्म, भाषा चयन में बदलाव

JTET Applications Open: Para-teachers to Receive Exemptions in Jharkhand TET; Forms Must Be Resubmitted Under New Rules, Changes Made to Language Selection.

रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस बार परीक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिनका पालन करना सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य होगा।

जैक ने स्पष्ट किया है कि विज्ञप्ति संख्या 30/2024 के तहत जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क के साथ फॉर्म भरा था, उन्हें भी नई नियमावली के अनुसार दोबारा आवेदन करना होगा। हालांकि राहत की बात यह है कि ऐसे अभ्यर्थियों को पुनः शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन उन्हें भाषा-द्वितीय का चयन नए सिरे से करना होगा और पोर्टल पर अपनी सभी जानकारी अपडेट करनी होगी।

आयु सीमा और छूट का प्रावधान

दिशा-निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु परीक्षा वर्ष के 1 अगस्त तक 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप तय की जाएगी।

विशेष रूप से झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अंतर्गत कार्यरत सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) को आयु सीमा में विशेष छूट दी गई है। जिन पारा शिक्षकों की सेवा कम से कम दो वर्ष की निरंतर हो और वे विज्ञापन तिथि तक कार्यरत हों, उन्हें अपनी संविदा सेवा अवधि के बराबर अधिकतम आयु में छूट मिलेगी। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है।

इसके अलावा, अन्य अभ्यर्थियों को पिछली और आगामी पात्रता परीक्षा के बीच के अंतराल के आधार पर एक बार की विशेष छूट (वन टाइम रिलैक्सेशन) दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि पिछली परीक्षा 2010 में और अगली 2020 में आयोजित हुई थी, तो उम्मीदवारों को लगभग 9 वर्ष तक की आयु छूट मिल सकती है।

भाषा में बड़ा बदलाव

इस बार परीक्षा में एक अहम बदलाव करते हुए पूर्वी सिंहभूम और रांची जिले के अभ्यर्थियों के लिए जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा के विकल्प में “भूमिज” भाषा को शामिल किया गया है। यह पहली बार है जब इस भाषा को JTET परीक्षा में शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

दो स्तरों पर होगी परीक्षा

JTET 2026 परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी—प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8)। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार किसी एक या दोनों स्तर की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक स्तर के लिए 2 घंटे 30 मिनट की अवधि का एक समेकित प्रश्न पत्र होगा।दृष्टिबाधित दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान करते हुए 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, ताकि वे परीक्षा को सहजता से पूर्ण कर सकें।

परिषद की सलाह

जैक ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और केवल नई नियमावली के अनुसार ही फॉर्म भरें। साथ ही, किसी भी प्रकार के अपडेट या सूचना के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *