close
LIVE UPDATE

Jharkhand Crime News: प्रेम प्रसंग बना शिक्षक दीपक कुजूर की हत्या की वजह, मुख्य आरोपी समेत 2 गिरफ्तार, हथियार बरामद

Jharkhand Crime News: Love affair leads to the murder of teacher Deepak Kujur; two arrested, including the prime accused; weapon recovered.

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में शिक्षक की हुई हत्या का खुलासा हो गया है। दरअसल बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल में शिक्षक दीपक कुजूर की हत्या कर दी गयी थी, अभ इस मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्याकांड प्रेम प्रसंग और प्रतिशोध की भावना में रची गई साजिश का परिणाम था।

 

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

 

19 जुलाई को जंगल में मिला था घायल शिक्षक

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे सूचना मिली थी कि सालो जंगल स्थित ललमटिया के पास अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।

 

पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जिंदा कारतूस एवं खोखा बरामद किया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

पत्नी के पुराने प्रेम संबंध से जुड़ा मिला हत्या का तार

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी पहले डालटनगंज में कार्यरत थी। वहीं उसकी पहचान मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए थे।

 

बाद में दिसंबर 2025 में महिला की शादी शिक्षक दीपक कुजूर से हुई और दोनों सिमडेगा में रहने लगे। दंपती की एक बेटी भी है।पुलिस के अनुसार, मतिन अख्तर चाहता था कि महिला अपनी बेटी के साथ उसके पास लौट आए। जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने प्रतिशोध की भावना से अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक कुजूर की हत्या की साजिश रची।

 

ससुराल से लौटते समय की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई को दीपक कुजूर अपने ससुराल बरवां (रमकंडा) से सिमडेगा लौट रहे थे। इसी दौरान सालो जंगल में आरोपियों ने उन पर गोली चलाई और बाद में धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

 

मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

इस मामले में पहले परवेज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है।

इसके बाद पुलिस ने—

• मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान (42 वर्ष), निवासी नवाटोली, डालटनगंज

• मफुज अंसारी (23 वर्ष), निवासी कुमनी, थाना चैनपुर, जिला पलामू

को गिरफ्तार किया।इनके पास से दो अवैध देशी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

 

एक आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने किया। टीम में बड़गड़, भंडरिया, रंका और रमकंडा थाना प्रभारियों सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं। ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *