झारखंड के 40 हजार पारा शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, तीसरी आकलन परीक्षा का फॉर्म 25 सितंबर से; 10% मानदेय बढ़ेगा
झारखंड तीसरी आकलन परीक्षा 2026 के लिए 25 सितंबर से आवेदन शुरू होंगे। 15 अक्टूबर अंतिम तारीख है। जानें फीस, विषय चयन, JTET और 10% मानदेय बढ़ोतरी की पूरी जानकारी।

Jharkhand Para Teacher Assessment Exam 2026: झारखंड के पारा शिक्षकों से जुड़ी अहम खबर है। प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों यानी पारा शिक्षकों की परीक्षा के लिए आवेदन फार्म भरने की तारीख करीब आ गयी है। तीसरी आकलन परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होने जा रही है। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने परीक्षा को लेकर विज्ञप्ति संख्या 61/2026 जारी करते हुए आवेदन की तारीख, परीक्षा शुल्क और जरूरी दिशा-निर्देश स्पष्ट कर दिए हैं।
राज्यभर के पात्र प्रशिक्षित सहायक अध्यापक 25 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा।
25 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन
जैक के अनुसार तीसरी आकलन परीक्षा के लिए आवेदन परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी 25 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज और संबंधित जानकारी तैयार रखने की सलाह दी गई है, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो।
किस वर्ग को कितनी देनी होगी परीक्षा फीस?
तीसरी आकलन परीक्षा के लिए अलग-अलग वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है।
• SC, ST और दिव्यांग अभ्यर्थी: 500 रुपये
• अन्य सभी अभ्यर्थी: 750 रुपये
परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जाएगा। जैक ने स्पष्ट किया है कि शुल्क जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
विषय चुनते समय सबसे ज्यादा सावधानी जरूरी
आवेदन फॉर्म भरने के दौरान अभ्यर्थियों को विषय चयन को लेकर विशेष सावधानी बरतनी होगी। जैक ने स्पष्ट किया है कि एक बार विषय का चयन हो जाने के बाद उसमें संशोधन नहीं किया जा सकेगा।यानी आवेदन जमा करने से पहले अभ्यर्थी यह अच्छी तरह जांच लें कि उन्होंने सही विषय का चयन किया है। विषय चयन में गलती होने के बाद उसमें बदलाव के लिए दिए गए किसी अभ्यावेदन पर भी विचार नहीं किया जाएगा।इसलिए फॉर्म सबमिट करने से पहले विषय सहित सभी विवरण को दोबारा जांचना जरूरी होगा।
करीब 40 हजार पारा शिक्षकों के लिए अहम परीक्षा
राज्य में करीब 40 हजार प्रशिक्षित सहायक अध्यापक इस परीक्षा से जुड़े हुए हैं। तीसरी आकलन परीक्षा को उन प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिन्होंने अभी तक JTET यानी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा पास नहीं की है।सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं में प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए आकलन परीक्षा का प्रावधान किया गया है।
परीक्षा पास करने पर 10 फीसदी बढ़ेगा मानदेय
आकलन परीक्षा में सफल होने वाले पारा शिक्षकों के लिए आर्थिक लाभ भी जुड़ा हुआ है। व्यवस्था के तहत परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी किए जाने का प्रावधान है।यही वजह है कि तीसरी आकलन परीक्षा को बड़ी संख्या में प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
कब होगी परीक्षा? बाद में जारी होगा कार्यक्रम
फिलहाल जैक ने ऑनलाइन आवेदन की तारीख जारी की है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तारीख और परीक्षा की वास्तविक तिथि बाद में परिषद की ओर से जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि जैक की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें, ताकि एडमिट कार्ड और परीक्षा कार्यक्रम से संबंधित अपडेट समय पर मिल सके।
पारा शिक्षकों के लिए जरूरी तारीखें
- विवरण तारीख/जानकारी
- ऑनलाइन आवेदन शुरू 25 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026
- SC/ST/दिव्यांग शुल्क ₹500
- अन्य अभ्यर्थियों का शुल्क ₹750
- एडमिट कार्ड बाद में जारी होगा
- परीक्षा तिथि बाद में घोषित होगी
- सफल अभ्यर्थियों का मानदेय लाभ 10% वृद्धि












