नियमितीकरण पर झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, अनुबंधित 51 कर्मचारी होंगे नियमित, 35 साल से सेवा दे रहे कर्मचारी को भी परमानेंट करने का आदेश
झारखंड हाईकोर्ट ने नियमितीकरण पर अहम फैसला सुनाया। 51 MPW कर्मचारियों को प्रारंभिक नियुक्ति से नियमित करने और बाहा उरांव को 12 सप्ताह में नियमित करने का आदेश।

रांची। सालों तक सरकारी विभागों में सेवा देने के बाद भी नियमितीकरण के लिए इंतजार कर रहे कर्मचारियों के पक्ष में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने दो अलग-अलग मामलों में राज्य सरकार को नियमितीकरण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। एक मामले में स्वास्थ्य विभाग के 51 मल्टीपर्पस वर्कर्स (MPW) की सेवा प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से नियमित करने का आदेश दिया गया है, वहीं दूसरे मामले में 35 साल से अधिक समय से काम कर रहे बाहा उरांव को 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने का निर्देश दिया गया है।
नियमितीकरण के साथ मिलेंगे पुराने सेवा लाभ
स्वास्थ्य विभाग के 51 एमपीडब्ल्यू कर्मचारियों के मामले में अदालत ने साफ कहा कि उनकी सेवा नियमित करने के साथ सभी परिणामी लाभ भी दिए जाएं। कर्मचारियों के पेंशन, सेवानिवृत्ति और अन्य सेवा लाभों की गणना प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से की जाएगी।
एस. लोहरा एवं अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अनुबंध नियुक्ति और कर्मचारियों के शपथ पत्र का हवाला देते हुए नियमितीकरण का विरोध किया था। हालांकि, अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
कोर्ट ने माना कि कर्मचारियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुआ था और वे लंबे समय से स्थायी प्रकृति के कार्य कर रहे थे। वर्ष 2014 से 2016 के बीच सेवा में आया अंतराल भी सरकार की प्रशासनिक देरी के कारण था, न कि कर्मचारियों की गलती से। इसलिए इस आधार पर उन्हें नियमितीकरण से वंचित नहीं किया जा सकता।
35 साल की सेवा के बाद भी नियमितीकरण का इंतजार, अब हाईकोर्ट ने दिया आदेश
इसी सुनवाई के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कर्मचारी बाहा उरांव के मामले में भी महत्वपूर्ण फैसला आया। बाहा उरांव जून 1989 से कीमैन कम वाचमैन के पद पर लगातार सेवाएं दे रहे हैं। तीन दशक से अधिक समय तक काम करने के बावजूद विभाग ने उनकी नियमितीकरण की मांग खारिज कर दी थी।विभाग ने इसके लिए एक जनवरी 1988 की कटऑफ तिथि का हवाला दिया था। उसका तर्क था कि बाहा उरांव की नियुक्ति जून 1989 में हुई, इसलिए वे नियमितीकरण के पात्र नहीं हैं।
विभाग का आदेश रद्द, 12 सप्ताह में नियमित करने का निर्देश
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने विभाग के इस फैसले को अनुचित और संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत मनमाना माना। अदालत ने विभाग के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें बाहा उरांव का नियमितीकरण करने से इनकार किया गया था।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश की प्रति प्राप्त होने के 12 सप्ताह के भीतर बाहा उरांव की सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्हें नियमानुसार परिणामी लाभ देने तथा पेंशन और सेवानिवृत्ति संबंधी सुविधाओं पर विचार करने को कहा है।
नियमितीकरण को लेकर सरकार को हाईकोर्ट का स्पष्ट संदेश
हाईकोर्ट के इन फैसलों से लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। अदालत के आदेश से स्पष्ट है कि वर्षों तक सेवा लेने के बाद केवल तकनीकी अड़चनों या प्रशासनिक देरी के आधार पर कर्मचारियों को उनके वैधानिक सेवा लाभों से वंचित नहीं किया जा सकता।अब राज्य सरकार के सामने अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए संबंधित कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी है।












