VIDEO- जयराम महतो का JPSC-JSSC विवाद पर बड़ा आरोप, बोले- परीक्षा की सीटें बेचकर हुआ 500 करोड़ का खेला, “पैसा लौटाना ना पड़े, इसलिए परीक्षा नहीं कर रहे कैंसिल”

रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद एक बार फिर गरमाने लगा है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्र संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है और एक बार फिर बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू हो गयी है। पिछले दिनों छात्रों की हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गयी। इसी बीच डुमरी विधायक जयराम महतो ने JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए करीब 500 करोड़ रुपये के खेल का दावा किया है।
यहां देखें वीडियो 👇 👇 👇
सीटों को बेचा जा चूका है, 500 करोड़ का खेला हुआ है। छात्रों के साथ हमेशा खड़े है।
#jpsc #jssc https://t.co/BrZLuebi0c— Tiger jairam mahto – inquilabi (@JairamTiger) November 26, 2026
जयराम महतो का आरोप- सीटें बेचकर हुआ 500 करोड़ का खेल
जयराम महतो ने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की सीटें बेची गयी हैं और इसके जरिये करीब 500 करोड़ रुपये का खेल हुआ है। उन्होंने इस कथित गड़बड़ी की शुरुआत गिरिडीह से होने की ओर भी इशारा किया। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन जेपीएसएसी-जेएसएससी में घोटाले को लेकर कई बार जयराम महतो खुलकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने साफ कहा कि वो पहले बोल चुके हैं कि इसमें 500 करोड़ का खेला हुआ है।
छात्र आंदोलन पार्ट-2 को दिया समर्थन
झारखंड में छात्र आंदोलन पार्ट-2 की चर्चा के बीच जयराम महतो ने जरूरतमंद और बेगुनाह अभ्यर्थियों के समर्थन में खड़े होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के हितों के साथ हैं और उनकी मांगों तथा आंदोलन का समर्थन करते हैं।
विधायक ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से प्रभावित छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। उनके बयान के बाद JPSC-JSSC विवाद को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच चर्चा तेज होने की संभावना है।
परीक्षा रद्द नहीं करना चाहती सरकार: जयराम महतो
जयराम महतो ने सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि पद के बदले छात्रों से जो पैसे लिये गये थे, उन्हें वापस नहीं करना पड़े, इसी वजह से परीक्षा रद्द करने से बचा जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि यदि परीक्षा रद्द होती है तो कथित तौर पर वसूली गयी रकम लौटाने का दबाव बन सकता है। इसी कारण सरकार किसी भी कीमत पर परीक्षा रद्द करने को तैयार नहीं है। हालांकि, सरकार की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।
फिर तेज हो सकती है JPSC-JSSC की लड़ाई
JPSC-JSSC भर्ती विवाद के बीच छात्रों की ओर से दोबारा आंदोलन की तैयारी और जयराम महतो के बयान ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजरें छात्र संगठनों की अगली रणनीति और सरकार के रुख पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि छात्र आंदोलन किस रूप में आगे बढ़ता है और भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है।












