BEL Recruitment 2026: भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में हवलदार सुरक्षा के पदों पर भर्ती, 10वीं पास पूर्व सैनिक करें आवेदन
BEL Recruitment 2026: भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में हवलदार सुरक्षा पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू हो गया है। 10वीं पास और 15 साल सशस्त्र बल अनुभव वाले उम्मीदवार 14 सितंबर तक आवेदन करें।

Sarkari Naukari। : सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) में हवलदार सुरक्षा के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस पद पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। हालांकि उम्मीदवारों को ये भी सलाह जरूर दी जाती है कि आवेदन भरने से पहले वो आफिशियल नोटिफिकेशन जरूर पढ़ ले।
BEL Havaldar Recruitment 2026: कौन कर सकता है आवेदन?
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में हवलदार सुरक्षा के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास निर्धारित योग्यता होना जरूरी है।
• उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
• आवेदक के पास भारतीय सशस्त्र बलों में 15 वर्षों का कार्य अनुभव होना चाहिए।
• आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
• उम्मीदवार की अधिकतम आयु 43 वर्ष निर्धारित की गई है।
• आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ दिया जाएगा।
BEL Havaldar Salary: कितनी मिलेगी सैलरी?
हवलदार सुरक्षा के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 20,500 रुपये से लेकर 79,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा भर्ती नियमों के अनुसार मिलने वाले अन्य लाभ भी पात्र उम्मीदवारों को प्राप्त होंगे। सबसे अहम बात ये है कि BEL रक्षा मंत्रालय की इकाई है, लिहाजा यहां ज्वाइन करना गौरव का भी पल है।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन निर्धारित पात्रता मानदंड के आधार पर किया जाएगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को सबसे पहले शारीरिक सहनशीलता परीक्षा (Physical Endurance Test) के लिए बुलाया जाएगा।
शारीरिक सहनशीलता परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इसके बाद लिखित परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अंतिम चयन भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवार के प्रदर्शन और निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा।
BEL Recruitment 2026: घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
हवलदार सुरक्षा पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
1. सबसे पहले भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in पर जाएं।
2. वेबसाइट के होमपेज पर भर्ती/ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
3. आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
4. आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी निर्धारित स्थान पर अपलोड करें।
5. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद फॉर्म को सबमिट करें।
6. भविष्य के उपयोग के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें।
नोट: आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को BEL की ओर से जारी आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पात्रता, दस्तावेज, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक जांच लेना चाहिए।
______________











