Heat Wave School Closed: भीषण गर्मी के चलते 8वीं तक के सभी स्कूल बंद, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने 29 और 30 जून तक कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।

School Holiday। जून महीने में बारिश अच्छी खासी हो जाती है, लेकिन इस बार मौसम अलग ही रंग दिखा रहा है। आलम ये है कि गरमी की छुट्टी के बाद स्कूल खुलने के बाद अब फिर से बंद हो रहे हैं। बिहार में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं 29 और 30 जून को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
यह निर्णय बढ़ते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभाव को देखते हुए लिया गया है।जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव की स्थिति के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में एहतियात के तौर पर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। आदेश 29 जून से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा।
पटना में 39.6 डिग्री, कैमूर सबसे गर्म
पटना समेत पूरे बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। रविवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 40.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
30 जून के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून के बाद बिहार के मौसम में बदलाव आने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। हालांकि फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी हो रहा गलत
इस बार मौसम का मिजाज मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी चुनौती बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी कई पूर्वानुमान वास्तविक परिस्थितियों से मेल नहीं खा रहे हैं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण विभाग भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।









