close
LIVE UPDATE

मरने वालों को मिलेगा ऑफर: ठंड की वजह से मौतों का आंकड़ा बढ़ा, तो कफन व दाहसंस्कारों के सामानों पर दिया जाने लगा ऑफर, 30% तक मिल रहा डिस्काउंट

The deceased will receive offers: As the death toll increased due to the cold, offers were being offered on shrouds and cremation supplies, with discounts of up to 30%.

Regional News : जिंदा लोगों के लिए तो ऑफर आपने सुने होंगे, लेकिन शायद ही कभी सुना होगा, कि मरने वालों को भी ऑफर दिया जा रहा है। बिहार में मरने पर कफन और दाहसंस्कार के समानों में 30 प्रतिशत तक डिस्काउंट मिलेगा। दुकानदारों ने ये आफर ठंड की वजह से बने “मौत के सीजन” को देखते हुए लिया है। दरअसल बिहार में भीषण ठंड और शीतलहर के कारण मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।

राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बर्फीली हवाओं, घने कोहरे और गिरते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर बुजुर्गों और कमजोर तबके के लोगों पर इस हाड़ कंपा देने वाली ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।

img 20260108 wa0003 - Image generated by AI for representational purposes.
img 20260108 wa0003 – Image generated by AI for representational purposes.

ठंड की वजह से हो रही मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है, जिसने प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है।हालात ऐसे हैं कि ठंड की वजह से हर दिन मौतों का सिलसिला बढ़ रहा है। लिहाजा पटना में अंतिम संस्कार से जुड़े सामानों पर दुकानदारों ने 30 प्रतिशत तक की छूट देना शुरू कर दिया है, ताकि पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।

बिहार में स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अब इसका असर अंतिम संस्कार से जुड़े व्यवसाय पर भी दिखने लगा है। राजधानी पटना में कफन और अंतिम संस्कार का सामान बेचने वाले दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने और पीड़ित परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से कफन समेत अंतिम संस्कार की सामग्रियों पर 30 प्रतिशत तक की छूट देना शुरू कर दिया है।

आमतौर पर छूट के ऐसे बोर्ड कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक सामान या त्योहारों के समय देखने को मिलते हैं, लेकिन अब कफन पर छूट के पोस्टर लोगों को हैरान कर रहे हैं। पटना के कंकड़बाग मोहल्ला स्थित टेंपो स्टैंड के आसपास दर्जनों दुकानें हैं, जहां कफन और अंतिम संस्कार से जुड़ी सभी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। दुकानदारों का कहना है कि ठंड के कारण रोजाना मौतों की संख्या बढ़ रही है। अकेले दीघा घाट में प्रतिदिन 30 से 40 शवों का अंतिम संस्कार हो रहा है। ऐसे में श्मशान घाटों पर भीड़ बढ़ गई है और अंतिम संस्कार से जुड़ी वस्तुओं की मांग में भी इजाफा हुआ है।

img 20260108 wa0002 - Image generated by AI for representational purposes.
img 20260108 wa0002 – Image generated by AI for representational purposes.

दुकानदारों के मुताबिक, अंतिम संस्कार के लिए कुल 32 तरह की सामग्रियों की आवश्यकता होती है। इनमें कफन, लकड़ी, घी, कपूर, अगरबत्ती, चंदन, नारियल, फूल समेत कई अन्य सामग्री शामिल होती हैं। आमतौर पर इन सभी सामग्रियों की कीमत 3500 रुपये तक पहुंच जाती है। हालांकि, कंकड़बाग इलाके के दुकानदारों ने 30 प्रतिशत तक की छूट देकर इन सामग्रियों का पूरा पैकेज 2200 से 2500 रुपये में उपलब्ध कराना शुरू किया है।

स्थानीय विक्रेता राजेश कुमार बताते हैं कि श्मशान घाटों के पास इन सामग्रियों के लिए लोगों को 8 से 10 हजार रुपये तक चुकाने पड़ते हैं। वहां विकल्प न होने के कारण दुकानदार मनमानी कीमत वसूलते हैं। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि दुख की घड़ी में लोगों को आर्थिक बोझ न उठाना पड़े, इसलिए रियायती दर पर पूरा सामान उपलब्ध करा रहे हैं।”

वहीं, कंकड़बाग इलाके के पुराने दुकानदार अमर कुमार का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ मुनाफा कमाना नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना भी है। उन्होंने बताया कि कई बार गरीब परिवारों को बेहद कम कीमत पर या मुफ्त में भी अंतिम संस्कार की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। “श्मशान घाटों पर लोगों का भयादोहन होता है, हम ऐसा नहीं करते,” उन्होंने कहा।

गौरतलब है कि पटना में इस समय कोल्ड वेव का असर साफ दिख रहा है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे रातें बेहद ठंडी हो गई हैं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है, जिससे रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कुल मिलाकर, ठंड का यह कहर न सिर्फ जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि मौतों की बढ़ती संख्या के बीच समाज के हर पहलू पर इसका असर साफ नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *