लेडी डॉक्टर की मौत: नर्स से अफेयर, प्रताड़ना और करोड़ों का लोन, महिला डाक्टर की मौत से उलझा दिये सारे पेंच…
डॉ मीनाक्षी सूद मौत मामला, जालंधर डॉक्टर डेथ केस, Dr Meenakshi Sood Death Case, Dr Piyush Sood, Punjab Crime News

जालंधर। महिला डॉक्टर डॉ. मीनाक्षी सूद की संदिग्ध मौत पर सवाल और सस्पेंस दोनों गहरा गया है। मृतका के परिजनों ने उनके पति एवं नेशनल आई केयर हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर पीयूष सूद पर इस मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला पंजाब के जालंधर का है, जहां परिवार का दावा है कि डॉ. मीनाक्षी लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार थीं। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप
बताया जा रहा है कि मृतिका के पति का अवैध संबंध था। मृतका के पिता प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद डॉ. पीयूष सूद का अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ विवाहेतर संबंध था। उन्होंने दावा किया कि बेटी को इस संबंध का संदेह हुआ था, जिसके बाद उसने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। परिजनों के अनुसार, फुटेज में डॉ. पीयूष और उक्त महिला के बीच करीबी संबंध दिखाई दिए थे। परिवार ने यह फुटेज पुलिस को भी सौंपने की बात कही है।
मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप
परिजनों का आरोप है कि डॉ. मीनाक्षी के साथ अक्सर मारपीट होती थी। पिता का कहना है कि पहले भी उनकी बेटी को नुकसान पहुंचाने और गला दबाने की कोशिश की गई थी। वहीं मृतका की मां ने भी आरोप लगाया कि दामाद कई बार मारपीट के बाद फोन कर अपनी गलती स्वीकार करता था।
जुलाई 2025 से अलग रह रही थीं
परिवार के अनुसार घरेलू विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर डॉ. मीनाक्षी जुलाई 2025 से अपने पति से अलग रह रही थीं। इसी दौरान जब वह नया मकान खरीदने की तैयारी कर रही थीं और बैंक पहुंचीं, तब उन्हें अपने नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये के लोन की जानकारी मिली।परिजनों का आरोप है कि इन ऋणों के दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे और उनकी जानकारी के बिना उनके नाम पर लोन लिया गया था। परिवार का कहना है कि कुछ ऋण वाहन खरीदने के लिए जबकि कुछ अस्पताल से जुड़े कार्यों के लिए लिए गए थे।
2018 में हुई थी शादी
मृतका के पिता के मुताबिक डॉ. मीनाक्षी की शादी अक्टूबर 2018 में डॉ. पीयूष सूद से हुई थी। परिवार का दावा है कि शादी के बाद खरीदी गई थार गाड़ी का लोन भी डॉ. मीनाक्षी के नाम पर लिया गया था और उसकी किस्तें भी वही चुका रही थीं।मृतका की मां ने कहा कि फिलहाल मौत को आत्महत्या बताया जा रहा है, लेकिन परिवार को संदेह है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।









