रांची- कार वाला चोर: ज्वेलरी दुकान में कार से चोरी करने पहुंचा चोर, मिनटों में लाखों का जेवर लेकर हुआ फरार

रांची। झारखंड में इन दिनों चोरों का उत्पात कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। खासकर राजधानी रांची चोरों के टारगेट पर है। इस बार ताजा मामला बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र का है, जहां चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में धावा बोलकर करीब 65 लाख 42 हजार रुपये के सोना-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कमाल की बात ये है कि चोर कार से चोरी करने आये थे।
देर रात ज्वेलरी दुकान को बनाया निशाना
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, बीआईटी इलाके स्थित पीपी ज्वेलर्स में बुधवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने पहले दुकान का ताला काटा और फिर अंदर घुसकर कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली। जब दुकान संचालक पशुपति नाथ सोनी दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला।
300 ग्राम सोना और 11 किलो चांदी चोरी
अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था और दुकान से सोना, चांदी एवं नकदी गायब थी।इधर, दुकान मालिक के अनुसार, चोर दुकान से करीब 300 ग्राम सोना, 11 किलो 396 ग्राम चांदी और 6 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 65 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है।
कार से आए थे चोर, CCTV में कैद
चोरी की सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी चोर कार से ज्वेलरी दुकान पहुंचे थे। चोरी को अंजाम देने के बाद वे उसी वाहन से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
बीआईटी मेसरा ओपी में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
ओपी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।








