स्कूल है या अय्याशी का अड्डा, स्कूल में थे कंडोम, करोड़ों रुपये कैश व शराब की बोतले, चार लोगों पर FIR

कोलकाता । जब से बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ, हर दिन कुछ ना कुछ विवादित प्रकरण सामने आ रहा है। स्कूल में शराब, कंडोम और करोड़ों रुपये कैश मिला है। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में छापेमारी के दौरान ये खुलासा हुआ है।
स्कूल में करोड़ों रुपये की नकदी, शराब की बोतलें और कंडोम मिलने से सनसनी फैल गई है। शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले इस स्कूल में कथित तौर पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘सिक रूम’ की अलमारी से मिला करोड़ों का कैश
हार्नेट इंग्लिश मीडियम स्कूल में बुधवार देर रात शुरू हुआ तलाशी अभियान गुरुवार सुबह करीब 4 बजे तक चला। जांच के दौरान स्कूल परिसर में स्थित ‘सिक रूम’ और अन्य कमरों की तलाशी ली गई। इसी दौरान एक अलमारी से करीब 1.77 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।पुलिस को वहां से शराब की खाली और भरी बोतलें, कंडोम के पैकेट, कई दस्तावेज और कंप्यूटर भी मिले हैं। स्कूल के अंदर एक कमरे में बेडरूम जैसी व्यवस्था देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल विकास चंद्र पाल की शिकायत पर पुलिस ने कांचरापाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन कमल अधिकारी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में गौतम घोष दस्तीदार, अभिक कुमार नाग और सायन पाल के नाम भी शामिल हैं।शिकायत में स्कूल फंड में गबन, धन के दुरुपयोग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दो अकाउंटेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तृणमूल नेता के भाई का नाम आया सामने
मामले में बीजपुर से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुबोध अधिकारी के भाई और कांचरापाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन कमल अधिकारी का नाम सामने आने से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
प्रिंसिपल बोले- एडमिशन फीस का पैसा था
स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल विकास चंद्र पाल ने दावा किया है कि बरामद नकदी स्कूल की एडमिशन फीस से संबंधित है। उनके अनुसार अप्रैल महीने से जमा राशि को बैंक में जमा कराया जाना था।वहीं ‘सिक रूम’ में मिले कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी और यह देखकर उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।
बीजेपी विधायक ने लगाया काले धन का आरोप
बीजपुर के बीजेपी विधायक सुदीप्त दास ने दावा किया कि स्कूल से बरामद नकदी स्कूल की नहीं बल्कि कुछ प्रभावशाली लोगों का काला धन हो सकता है। उन्होंने मामले की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की है।बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और उसका वास्तविक स्रोत क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पूछताछ में कई विरोधाभासी बातें सामने आई हैं, जिसके बाद जांच और तेज कर दी गई है।








