पेट्रोल’ से दौड़ रही झारखंड पुलिस! PATROL’ की जगह लिखा ‘PETROL’ …एक स्पेलिंग मिस्टेक ने झारखंड पुलिस को बना दिया सोशल मीडिया का स्टार
'PATROL' की जगह लिखा 'PETROL', पुलिस की गाड़ी पर हुई छोटी-सी चूक अब इंटरनेट पर बनी चर्चा का विषय

झारखंड पुलिस की गाड़ी पर PATROL की जगह PETROL लिखे जाने की स्पेलिंग गलती सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जानिए पूरा मामला।
रांची:झारखंड पुलिस किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहती है परंतु इस बार झारखंड पुलिस ने जो कर दिखाया है उसे पता भी न होगा कि जाने अनजाने में हुई चूक उसे सोशल मीडिया का स्टार बना देगी और उसे डीजल मीडिया में किरकिरी का सामना भी करना पड़ेगा। झारखंड पुलिस जिस चमचमाती गाड़ी में घूम रही है उसे जमकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है मामला
झारखंड पुलिस की एक पेट्रोलिंग गाड़ी इन दिनों किसी अपराधी की गिरफ्तारी या बड़ी कार्रवाई की वजह से नहीं, बल्कि उस पर लिखी गई एक अंग्रेजी स्पेलिंग की गलती के कारण सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है। पुलिस वाहन पर जहां “POLICE PATROL CAR” लिखा जाना चाहिए था, वहां “POLICE PETROL CAR” लिखा हुआ नजर आ रहा है। यही छोटी-सी चूक अब वायरल तस्वीर की सबसे बड़ी वजह बन गई है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही तस्वीर में महिंद्रा बोलेरो पर झारखंड पुलिस का लोगो और आपातकालीन सेवा 112 साफ दिखाई दे रही है। लेकिन गाड़ी के पीछे ‘PATROL’ (पेट्रोलिंग) की जगह ‘PETROL’ (ईंधन) लिखे जाने के बाद यूजर्स मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कई लोगों ने चुटकी लेते हुए लिखा कि यह “पेट्रोल से चलने वाली पुलिस कार” है, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे सरकारी विभागों में लापरवाही का उदाहरण बताया। वायरल तस्वीर पर मीम्स की भी बाढ़ आ गई है और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं।
हालांकि, तस्वीर में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है। इसलिए यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह पुलिस वाहन झारखंड के किस जिले का है। इस मामले पर अभी तक झारखंड पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि डिजिटल युग में छोटी-सी स्पेलिंग मिस्टेक भी बड़े स्तर पर चर्चा का विषय बन सकती है। सार्वजनिक संस्थानों के वाहनों और दस्तावेजों में ऐसी त्रुटियां न केवल विभाग की छवि प्रभावित करती हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर मजाक और आलोचना का कारण भी बन जाती हैं।









